लिथियम की तस्करी करने वाले चीनी नागरिकों को तालिबान ने किया गिरफ्तार

इस्लामाबाद – अफ़गानिस्तान के दुर्लभ खनिजों की चोरी करने वाले दो चीनी नागरिकों को तालिबान ने गिरफ्तार किया है। यह चीनी नागरिक जलालाबाद शहर से ‘लिथियम’ की पाकिस्तान में अवैध तस्करी करने की तैयारी में थे, इसी बीच तालिबान ने उन्हें गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद तालिबान ने उनसे १,००० मेट्रिक टन लिथियम के पत्थर बरामद किए हैं। तालिबान ने अफ़गानिस्तान की सत्ता हथियाने के बाद पहली बार इस तरह की कार्रवाई की है।

अफ़गानिस्तान में तकरीबन एक ट्रिलियन डॉलर्स मूल्य के खनिजों का भंड़ार होने का दावा अमरिकी यंत्रणाओं ने किया था। इनमें सोने के साथ लिथियम जैसे दुर्लभ खनिज मौजूद होने की जानकारी सामने आयी थी। इस लिथियम का इस्तेमाल रिचार्जेबल बैटरिज्‌ एवं इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में बड़ी मात्रा में किया जाता है। पूरे विश्व में लिथियम की मांग है और चीन इसका काफी बड़ा ग्राहक है।

अमरिकी सेना अफ़गानिस्तान में तैनात थी तब तक इन खनिजों का खनन जारी था। लेकिन, साल २०२१ में तालिबान ने अफ़गानिस्तान में अपनी हुकूमत स्थापित करने के बाद तालिबान ने अफ़गानिस्तान में खनिजों के खनन और बिक्री पर रोक लगाई। पिछले डेढ़ साल में चीन की कम्युनिस्ट हुकूमत ने तालिबान के साथ राजनीतिक संबंध स्थापित किए हैं। अमरीका की वापसी के बाद अफ़गानिस्तान के इन खनिजों के खनन का ठेका पाने के लिए चीन ने बड़ी कोशिश की।

अफ़गानिस्तान के विभिन्न विकास प्रकल्पों में चीन ने अपने नागरिकों को शामिल किया है। लेकिन, अफ़गानिस्तान में खनिज खनन पर लगाई गई पाबंदी तालिबान ने अभी नहीं हटाई है। अपनी हुकूमत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वीकृति प्राप्त होने तक अफ़गानिस्तान की खनिज संपत्ति देश से बाहर नहीं जाएगी, यह तालिबान ने घोषित किया है। ऐसी स्थिति में चीन के दो नागरिक अफ़गानिस्तान से लिथियम की चोरी करने में शामिल होने की खबर ध्यान आकर्षित कर रही है।

तालिबान की हुकूमत में खनिज और ईंधन मंत्री मोहम्मद रसूल अकाब जैसे वरिष्ठ कमांडर ने चीनी नागरिकों द्वारा इस तस्करी की जानकारी स्थानीय माध्यमों से साझा की। अफ़गानिस्तान के कुनार और नुरिस्तान प्रांतों के खदान से बाहर निकाला हुआ १,००० मेट्रिक टन भार के लिथियम से भरे पत्थरों की पाकिस्तान की सीमा से तस्करी करने की कोशिश इन चीनी नागरिकों ने की। पाकिस्तान की सीमा के करीब जलालाबाद शहर में तालिबान ने इन चीनी नागरिकों के साथ पांच लोगों को हिरासत में लिया है।

इसी बीच, अफ़गानिस्तान में चीनी नागरिकों पर आतंकी हमले भी बढ़ रहे है और तालिबान उन्हें सुरक्षा मुहैया करे, ऐसी मांग चीन कर रहा है। इस पृष्ठभूमि पर चीन के नागरिक अफ़गानिस्तान के दुर्लभ खनिजों की तस्करी करने में शामिल होने की बात स्पष्ट होना चीन की प्रतिष्ठा को मलीन करता है।

मराठी

Leave a Reply

Your email address will not be published.